ऑस्ट्रेलिया के कई शहरों और कस्बों में मैकडोनाल्ड्स के नए रेस्टोरेंट खोलने के विरोध में एक आंदोलन तेज़ी से फैल रहा है। मेलबर्न की "कूलेस्ट स्ट्रीट" से लेकर सिडनी के विभिन्न हिस्सों तक, स्थानीय लोग इस वैश्विक फास्ट फूड चेन के विस्तार को रोकने के लिए petitions और विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
पिछले कुछ वर्षों में Change.org पर कम से कम 16 ऑनलाइन याचिकाएं दायर की गई हैं, जिनमें निवासियों ने स्थानीय क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान, सुरक्षा और छोटे व्यवसायों पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर चिंता जताई है।
सिडनी के नॉर्थ शोर स्थित क्रोज़ नेस्ट इलाके में 24 घंटे खुलने वाले मैकडोनाल्ड्स रेस्टोरेंट के प्रस्ताव के खिलाफ इस साल जैमी वाचोन ने याचिका शुरू की है। उन्होंने न्यूज डॉट कॉम डॉट एयू से बातचीत में कहा, "अगर मैकडोनाल्ड्स मेट्रो स्टेशन के नजदीक खुल रहा होता तो शायद इतनी चर्चा नहीं होती। लेकिन यहाँ यह रेस्टोरेंट 24/7 खुलना चाहता है, जो इलाके की शांति के लिए खतरा हो सकता है।"
जैमी ने आगे बताया, "यह जगह आवासीय इलाक़े के बिल्कुल पास है, और रेस्टोरेंट में सार्वजनिक टॉयलेट्स भी नहीं होंगे। इससे इलाके में अव्यवस्था फैलने की संभावना है।"
इस प्रस्ताव के खिलाफ स्थानीय लोग चिंतित हैं कि इससे सड़क यातायात, शोर और सुरक्षा संबंधी समस्याएं बढ़ेंगी।
मैकडोनाल्ड्स के इस विस्तार का विरोध न केवल बड़े शहरों में बल्कि छोटे कस्बों में भी हो रहा है, जहाँ स्थानीय लोग अपने क्षेत्र की सांस्कृतिक और सामाजिक पहचान बचाने के लिए संघर्षरत हैं।