वांडिलिगॉन्ग (ऑस्ट्रेलिया): एक छोटे से कस्बे को झकझोर देने वाले मामले में 70 वर्षीय बच्चों के टेनिस कोच ज्योफ्री हॉलो को विक्टोरिया की काउंटी कोर्ट ने 12 महीने की जेल की सज़ा सुनाई है। हॉलो ने ग्रोमिंग और यौन शोषण से जुड़े 12 अपराधों को स्वीकार किया।
हॉलो ने यह अपराध विक्टोरिया के उत्तर-पूर्वी हिस्से के कई क्लबों में टेनिस कोच रहते हुए किए। वह ब्राइट टेनिस क्लब में भी बच्चों को ग्रुप और प्राइवेट लेसन देता था। पीड़ित लड़कियाँ उस समय 11 से 17 साल की उम्र की थीं।
अदालत में पेश किए गए तथ्यों के अनुसार हॉलो अकसर लड़कियों को कहता कि वह उनकी चोटें ठीक कर देगा। इसी बहाने वह उन्हें कमरे में ले जाकर कपड़े उतरवा देता और उनका शोषण करता। एक घटना में उसने 15 वर्षीय छात्रा को क्लबहाउस में बंद कर दिया ताकि उसकी मां अंदर न आ सके।
वह पीड़िताओं को बार-बार नए शॉर्ट्स पहनने का बहाना बनाकर अंडरवियर उतारने को कहता और बाद में वे कपड़े वापस ले लेता।
मामला तब सामने आया जब एक पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर किसी वयस्क को जानकारी दी और पुलिस तक बात पहुंची। जांच के दौरान हॉलो के घर से सैकड़ों फोटो और वीडियो बरामद हुए, जिनमें पीड़ित लड़कियाँ और अन्य नाबालिग शामिल थीं।
सज़ा सुनाते हुए जज पीटर रोज़ेन ने कहा कि हॉलो ने यह सब अपनी यौन संतुष्टि के लिए किया। उन्होंने कहा कि इसने उन छोटे समुदायों को गहरा आघात पहुंचाया जहां वह कोचिंग देता था।