लोकप्रिय हॉलीवुड टीवी सीरीज़ 'द वॉकिंग डेड' में एडी की भूमिका निभाने वाली अभिनेत्री केली मैक का 33 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वह सेंट्रल नर्वस सिस्टम ग्लायोमा नामक एक दुर्लभ प्रकार के कैंसर से पीड़ित थीं। उनका निधन 2 अगस्त को ओहायो के सिनसिनाटी शहर में हुआ।
उनके परिवार ने एक आधिकारिक बयान में कहा, “एक उज्ज्वल और प्रखर रोशनी अब परलोक की ओर चली गई है, जहां हम सभी को एक दिन जाना है। केली शनिवार की शाम शांतिपूर्वक चली गईं, उनके पास उनकी मां क्रिस्टन और आंटी करेन मौजूद थीं।”
केली मैक ने द वॉकिंग डेड के सीजन 9 में "एडी" की भूमिका से लाखों दिल जीते। इसके अलावा उन्होंने शिकागो मेड के सीजन 8 में "पैनेलोप जैकब्स" की भूमिका निभाई और ब्रॉडकास्ट सिग्नल इंट्रूज़न जैसे थ्रिलर फिल्म में भी अहम किरदार निभाया था।
हाल ही में उनकी अंतिम फिल्म यूनिवर्सल इस साल 21 जून को रिलीज़ हुई, जिसमें उन्होंने द इनबिटवीनर्स फेम जो थॉमस के साथ अभिनय किया।
पिछले वर्ष सितंबर में उन्हें कैंसर का पता चला था, जिसके बाद से वह आक्रामक उपचार करा रही थीं। अपने उपचार के दौरान उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से अपने प्रशंसकों को लगातार जानकारी दी और उनसे भावनात्मक जुड़ाव बनाए रखा।
उनके इंस्टाग्राम पेज पर उनकी मृत्यु की खबर साझा करते हुए लिखा गया, “केली अब इस दुनिया में नहीं रहीं। वह अब अपने कई प्रियजनों के जीवन में तितलियों के रूप में आई हैं। उन्हें शब्दों से परे, गहराइयों से याद किया जाएगा।”
फिल्म और टीवी जगत से जुड़े कई कलाकारों और दोस्तों ने उनकी पोस्ट पर शोक संदेश लिखे। एक मित्र ने लिखा, “यह लड़की बेहद खास थी। मेरा दिल टूट गया है।”
केली मैक ने बहुत कम समय में इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाई और दर्शकों के दिलों में जगह बना ली। उनका असमय निधन पूरे हॉलीवुड जगत और उनके प्रशंसकों के लिए एक गहरा आघात है।