वॉशिंगटन डी.सी. : अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डी.सी. में हालात अचानक बदल गए हैं। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आदेश पर 800 नेशनल गार्ड सैनिकों की तैनाती शुरू हो गई है। ट्रंप ने सोमवार को ऐलान किया था कि वह राजधानी में बढ़ते अपराध को रोकने के लिए पुलिस का फेडरलाइजेशन करेंगे और सड़कों से “गंदगी” और “अपराधियों” को हटाएंगे, हालांकि आधिकारिक आंकड़े बताते हैं कि शहर में अपराध दर हाल ही में घटी है।
मंगलवार सुबह (अमेरिकी समयानुसार) कुछ सैनिक डी.सी. आर्मरी पहुंचकर ड्यूटी पर रिपोर्ट कर चुके हैं। व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने बताया कि नेशनल गार्ड को “संघीय संपत्तियों की रक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और हिंसक अपराध को रोकने के लिए” तैनात किया गया है। सैनिकों की ड्यूटी 25 सितंबर तक रहने की संभावना है।
अमेरिका के अन्य 50 राज्यों की तरह डी.सी. के पास पूर्ण स्वशासन नहीं है। 1970 के दशक के मध्य से लागू ‘होम रूल एक्ट’ के तहत यहां के निवासी मेयर और सिटी काउंसिल का चुनाव कर सकते हैं, लेकिन बजट और कई अहम मामलों पर अंतिम नियंत्रण अमेरिकी कांग्रेस के पास रहता है।
उधर, ट्रंप इस सप्ताह एक अहम कूटनीतिक दौरे पर भी निकलेंगे। वह शुक्रवार को अलास्का में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात करेंगे, जिसे व्हाइट हाउस ने “सुनने का अभ्यास” बताया है। इससे पहले वह यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की से वर्चुअल वार्ता करेंगे।