मुंबई में मोनोरेल हादसा: हवा में अटकी ट्रेन से 782 यात्रियों की सुरक्षित निकासी

मुंबई में मोनोरेल हादसा: हवा में अटकी ट्रेन से 782 यात्रियों की सुरक्षित निकासी

मुंबई, 20 अगस्त 2025।
मुंबई में मंगलवार शाम भारी बारिश ने यातायात को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। इस बीच दो मोनोरेल ट्रेनें एलिवेटेड ट्रैक पर फंस गईं, जिनमें कुल 782 यात्री सवार थे। दम घुटने और घबराहट की स्थिति में कई यात्रियों ने शीशे तोड़ने तक की कोशिश की, लेकिन राहत की बात यह रही कि सभी को सुरक्षित निकाल लिया गया।


कैसे फंसी ट्रेनें

बारिश के चलते लोकल ट्रेन सेवाएं बाधित हो गई थीं। ऐसे में बड़ी संख्या में यात्रियों ने मोनोरेल का सहारा लिया। लेकिन अचानक अधिक भीड़ और तकनीकी गड़बड़ी से मैसूर कॉलोनी और भक्ति पार्क स्टेशन के बीच एक मोनोरेल ट्रेन बिजली आपूर्ति ठप होने के कारण रुक गई। इसमें 582 यात्री सवार थे। वहीं, दूसरी मोनोरेल से 200 से अधिक यात्रियों को वडाला स्टेशन पर सुरक्षित उतारा गया।


यात्रियों की परेशानी

करीब सवा छह बजे ट्रेन अटकने के बाद डिब्बों का एसी सिस्टम बंद हो गया। हवा बंद होने से 15 यात्रियों ने दम घुटने की शिकायत की, जिनमें से 14 का मौके पर ही इलाज किया गया, जबकि एक किशोरी को अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने बताया कि उसकी हालत स्थिर है।

एक यात्री ने बताया, “मैं लगभग 1 घंटा 45 मिनट तक मोनोरेल में फंसा रहा। बाहर से कोई संपर्क नहीं हो पा रहा था। लोग डर गए थे। कुछ ने सांस लेने में तकलीफ की वजह से खिड़की तोड़ने की कोशिश की। कुछ यात्री बेहोश हो गए।”


प्रशासन की प्रतिक्रिया

मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (MMRDA) के संयुक्त आयुक्त आस्तिक कुमार पांडे ने बताया कि बारिश के कारण कई स्टेशन पर लोग फंसे हुए थे और क्षमता से अधिक यात्रियों के चढ़ने से ट्रेन पर दबाव बढ़ा। इसी वजह से तकनीकी समस्या आई।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोशल मीडिया पर कहा, “किसी को भी घबराने की जरूरत नहीं है। सभी को सुरक्षित निकाल लिया गया है। घटना की जांच कराई जाएगी।”