लंदन, 10 अगस्त (एपी) – ब्रिटेन की राजधानी लंदन में शनिवार को पुलिस ने 466 लोगों को गिरफ्तार किया, जो प्रतिबंधित संगठन ‘पैलेस्टाइन एक्शन’ के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे थे। यह प्रदर्शन संसद द्वारा जुलाई की शुरुआत में पारित उस नए कानून की खुली अवहेलना थी, जिसके तहत इस संगठन का सार्वजनिक समर्थन अपराध घोषित किया गया है।
मेट्रोपॉलिटन पुलिस के अनुसार, रात 9 बजे तक संसद भवन के बाहर पार्लियामेंट स्क्वायर से सैकड़ों प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया। कई प्रदर्शनकारियों के हाथों में “मैं नरसंहार का विरोध करता हूं, मैं पैलेस्टाइन एक्शन का समर्थन करता हूं” लिखी तख्तियां थीं।
प्रदर्शन का आयोजन ‘डिफेंड आवर ज्यूरीज़’ नामक समूह ने किया था, जिसने दावा किया कि पुलिस सभी को गिरफ्तार नहीं कर पाई और अधिकांश को ‘स्ट्रीट बेल’ देकर छोड़ दिया गया। समूह ने इसे सरकार के लिए “शर्मनाक” करार देते हुए कानून को “अव्यवहारिक” बताया।
पुलिस ने इस दावे को खारिज करते हुए कहा कि जो भी व्यक्ति प्रतिबंधित संगठन के समर्थन में तख्ती लिए मौजूद था, उसे गिरफ्तार किया गया है या प्रक्रिया में है।
सरकार ने ‘पैलेस्टाइन एक्शन’ पर प्रतिबंध तब लगाया, जब 20 जून को इसके कार्यकर्ताओं ने ऑक्सफ़ोर्डशायर स्थित ब्रिटिश वायुसेना के RAF ब्राइज़ नॉर्टन बेस में घुसकर दो टैंकर विमानों में लाल पेंट डाल दिया और लोहे की रॉड से नुकसान पहुंचाया। समूह पहले भी इज़रायली रक्षा ठेकेदारों और सैन्य ठिकानों को निशाना बनाता रहा है।
समर्थक इस प्रतिबंध को अदालत में चुनौती दे रहे हैं। उनका कहना है कि सरकार ने ‘आतंकवाद’ की परिभाषा को खतरनाक तरीके से विस्तृत कर दिया है, जिससे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता खतरे में है।
गाज़ा युद्ध और आव्रजन मुद्दों को लेकर इस सप्ताहांत लंदन में कई रैलियां और विरोध-प्रदर्शन तय हैं। शनिवार को एक अन्य मार्च 10 डाउनिंग स्ट्रीट तक पहुंचा, जबकि रविवार को इज़रायली बंधकों की रिहाई की मांग करने वाले समूह सड़कों पर उतरेंगे।
पुलिस ने स्वीकार किया कि इतने बड़े पैमाने के कार्यक्रमों से बल पर “दबाव” बढ़ेगा।