124 साल की उम्र वाली वोटर आईडी पर बवाल, मिंता देवी ने प्रियंका गांधी से जताई नाराज़गी

124 साल की उम्र वाली वोटर आईडी पर बवाल, मिंता देवी ने प्रियंका गांधी से जताई नाराज़गी

नई दिल्ली/सीवान – बिहार की सीवान ज़िले की रहने वाली 35 वर्षीय मिंता देवी इन दिनों अचानक सुर्ख़ियों में हैं। वजह है उनका वोटर कार्ड, जिसमें उनकी उम्र 124 वर्ष दर्ज है। इसी ग़लती को मुद्दा बनाते हुए कांग्रेस महासचिव और सांसद प्रियंका गांधी मंगलवार को संसद में मिंता देवी की तस्वीर और नाम वाली टी-शर्ट पहनकर पहुंचीं। टी-शर्ट पर लिखा था – "124 नॉट आउट"

प्रियंका गांधी ने यह प्रदर्शन बिहार में वोटर लिस्ट में कथित गड़बड़ियों और विशेष इंटेंसिव रिवीजन के खिलाफ किया। लेकिन इस प्रदर्शन ने एक नया विवाद खड़ा कर दिया—मिंता देवी ने खुद इस पर नाराज़गी जताई है।

"मेरा टी-शर्ट पहनने का हक़ किसने दिया?"
सीवान के दरौंदा विधानसभा क्षेत्र के अरजानीपुर गांव की निवासी मिंता देवी, धनंजय कुमार सिंह की पत्नी हैं। उन्होंने कहा,
"प्रियंका गांधी कौन होती हैं मेरा नाम और फोटो टी-शर्ट पर लगाकर घूमने वाली? यह गलती मेरी नहीं, विभाग की है। उन्होंने मेरी इजाज़त भी नहीं ली और अब सुबह से मीडिया और लोग मेरे घर आ रहे हैं, जिससे परेशानी हो रही है।"

मिंता देवी के मुताबिक, उनके आधार कार्ड में जन्मतिथि 15 जुलाई 1990 दर्ज है, जबकि वोटर कार्ड में गलती से 15 जुलाई 1900 छप गया। पहली बार उनका नाम वोटर लिस्ट में जोड़ा गया है और इसी वजह से यह त्रुटि हुई।

परिवार भी है हैरान
मिंता देवी के ससुर तेज बहादुर सिंह ने बताया कि टीवी और मोबाइल पर खबर देखने के बाद ही परिवार को इस ग़लती का पता चला।
"मेरे बेटे और बहू छपरा में रहते हैं। यह पूरी तरह विभाग की लापरवाही है, लेकिन इसे राजनीतिक मुद्दा बना दिया गया," उन्होंने कहा।

राजनीतिक तकरार के बीच उलझी आम महिला
जहां कांग्रेस इस मामले को बिहार में वोटर लिस्ट की गड़बड़ी का उदाहरण बताकर हमला कर रही है, वहीं मिंता देवी कहती हैं कि उन्हें राजनीति में घसीटा जा रहा है।
"प्रियंका गांधी मेरा सपोर्ट करने वाली कौन हैं? मेरा उनसे कोई रिश्ता नहीं। मेरी फोटो क्यों दुनिया को दिखाई जा रही है?" उन्होंने सवाल किया।

यह प्रकरण अब सिर्फ वोटर लिस्ट की ग़लती तक सीमित नहीं रहा, बल्कि राजनीतिक तकरार और निजता के अधिकार की बहस का नया कारण बन गया है।